हर बुधवार को जब टिफ़ैनी श्रॉवेन के दोस्त काम में लगे होते हैं, वह टेनिस कोर्ट पर बैकहैंड की प्रैक्टिस कर रही होती हैं.
मेलबर्न की प्रोजेक्ट मैनेजर सुबह नौ बजे अपने लिए एक अभ्यास सत्र रखती हैं जिससे उनका खेल निखर रहा है.
श्रॉवेन कामचोरी नहीं करतीं. लगभग एक साल से वेर्सा नाम की जिस डिजिटल मार्केटिंग एजेंसी में वह काम करती हैं, वह बुधवार को बंद रहती है.
ये कंपनी अपने कर्मचारियों से हफ्ते के चार दिन ही काम लेती है, मगर पैसे पूरे 5-दिन के सप्ताह के हिसाब से देती है.
वेर्सा के कर्मचारी सोमवार और मंगलवार को काम करते हैं, फिर गुरुवार-शुक्रवार को दो दिन के लिए ऑफि़स आते हैं.
श्रॉवेन को जब पहली बार इस योजना के बारे में बताया गया था तो वह चहक उठी थी, फिर उनको चिंता भी हो गई थी.
प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में वह कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच की कड़ी हैं. इसलिए कोई डेडलाइन छूटने पर या दोनों पक्षों के बीच संवाद टूटने पर सारा ठीकरा उन्हीं के सिर फूटता.
लेकिन वेर्सा के कर्मचारियों ने कुशलता बढ़ाने के लिए काम करने के अपने ढंग को बदल लिया.
श्रॉवेन ध्यान रखती हैं कि कुछ निश्चित काम बुधवार के ब्रेक से पहले पूरे हो जाएं. बैठकें ज़्यादा केंद्रित होती हैं और फ़ालतू की चटर-पटर को बढ़ावा नहीं दिया जाता.
हर दो हफ्ते में कंपनी देखती है कि क्या काम हुआ और क्या नहीं हुआ.
श्रॉवेन कहती हैं, "सभी की कोशिश रहती है कि कि ये (व्यवस्था) काम करे क्योंकि हमें ये लचीलापन पसंद है. यदि मैं बुधवार को छुट्टी चाहती हूं तो मुझे अपने हफ्ते की योजना बेहतर बनानी होगी."
वेर्सा ने ये नीति पिछले साल जुलाई में लागू की थी. इस ऑस्ट्रेलियाई कंपनी की संस्थापक और सीईओ काथ ब्लैकहैम का कहना है कि इस बीच कंपनी का राजस्व 46 फीसदी बढ़ा है और मुनाफा लगभग तीन गुना हो गया है.
ब्लैकहैम इस क़ामयाबी का पूरा श्रेय 4-दिवसीय सप्ताह को नहीं देना चाहतीं. वो कहती हैं, "हमें काम मिला क्योंकि हम अच्छे काम के लिए जाने जाते हैं."
वो ये भी कहती हैं कि एजेंसी का टर्नओवर बहुत कम है और निर्देशों पर काम करने वाली टीमें व्यापारिक भागीदारों को आकर्षित कर सकती है.
ब्लैकहैम को अपनी कंपनी की लीडरशिप टीम को इस बात के लिए मनाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी थी.
बुधवार की छुट्टी का प्रयोग नाकाम होने पर उन्होंने 5-दिवसीय सप्ताह में लौटने की कसम भी खाई थी.
उन्होंने दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ कंपनी की शुरुआत की थी. वो ऐसी कंपनी का नेतृत्व करना चाहती थीं जिसका प्रदर्शन बेहतरीन हो, साथ ही जो लचीलेपन की जरूरत का सम्मान करे.
ब्लैकहैम कहती हैं, "मैं साबित करना चाहती थी कि कई-कई घंटों तक लगातार काम करने वाले युवाओं के लिए जाने जाने वाले सेवा आधारित उद्योग में भी यह क़ामयाब हो सकता है."
सप्ताह के बीच में मिलने वाली छुट्टी में कर्मचारी जिम जा सकते हैं, घर के काम निपटा सकते हैं, छोटे बच्चों की देखभाल कर सकते हैं, मुलाकातें तय कर सकते हैं, अपने स्टार्ट-अप पर काम कर सकते हैं या चाहें तो बस नेटफ्लिक्स देख सकते हैं.
ब्लैकहैम कहती हैं, "सिक लीव कम हो गए हैं, कर्मचारियों की संतुष्टि बढ़ गई है. सोमवार वाली फीलिंग सप्ताह में दो बार महसूस होती है."
No comments:
Post a Comment